भीमताल। जिले में महिलाओं और आमजन के निःशुल्क उपचार के लिए बुधवार 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार स्वास्थ्य पर्व पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें मुफ्त अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, दवाइयाँ और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सोमवार को भीमताल स्थित विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में अपर सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तराखण्ड रीना जोशी ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित हो रहे इन स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की महिलाओं सहित अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिकतम संख्या में लोग इसका लाभ ले सकें। अपर सचिव ने बताया कि नैनीताल जिले में इस पखवाड़े के दौरान कुल 162 स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तीन बृहद शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पहला 17 सितम्बर को बेस चिकित्सालय हल्द्वानी से शुरू होगा, जबकि अन्य दो रामनगर चिकित्सालय और बीडी पांडे चिकित्सालय नैनीताल में लगाए जाएंगे। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि शिविरों में सरकारी चिकित्सकों के साथ-साथ निजी अस्पतालों के विशेषज्ञ भी तैनात किए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इन शिविरों की मॉनिटरिंग प्रतिदिन राज्य और भारत सरकार स्तर पर की जाएगी तथा प्रत्येक शिविर का डॉक्यूमेंटेशन कर फोटो सहित पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरीश चंद्र पंत ने शिविरों के आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों और जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, उप जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, प्रमोद कुमार, मोनिका, डीडीओ गोपाल गिरी सहित स्वास्थ्य और अन्य विभागों के अधिकारी तथा खण्ड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours