जिलाधिकारी के निर्देशन में वार्डवार जन सुविधा शिविर

Estimated read time 1 min read





नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित निस्तारण

भीमताल । जिलाधिकारी वंदना के निर्देशन में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से नियमित रूप से वार्डवार जन सुविधा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को वार्ड संख्या 25 और 26 में पार्षद कार्यालयों में शिविरों का सफल आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविरों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित हुए और उन्होंने अपनी व्यक्तिगत व सामूहिक समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में नागरिकों ने मुख्य रूप से आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें, राशन कार्ड में नाम जोड़ने या हटाने तथा पृथक राशन कार्ड जारी करने जैसी समस्याएं उठाईं। इनमें से कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया, जबकि शेष मामलों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। शिविर में आधार सेवा से संबंधित कार्यों के अंतर्गत कुल 54 आधार कार्ड बनाए और संशोधित किए गए। पूर्ति विभाग से जुड़े 19 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नए राशन कार्ड बनाए जाने और नाम जोड़े जाने के प्रार्थनापत्र शामिल थे। सभी आवेदनों का निस्तारण विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही किया।
शिविर में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी. के. भट्ट, वार्ड संख्या 25 की पार्षद सीमा अंजुम, वार्ड संख्या 26 की पार्षद रेशमा प्रवीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पार्षदों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन ने कहा कि जन सुविधा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, विवाह पंजीकरण, बिजली-पानी जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को आवश्यक सेवाओं तक सहज और त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो रही है।

अगला जन सुविधा शिविर मंगलवार, 9 सितम्बर को वार्ड संख्या 23 एवं 24 के पार्षद कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित किया जाएगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours