तुषराड से भद्रकोट–छीड़ाखान मोटर मार्ग की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश
भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को ओखलकांडा ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान उन्होंने तुषराड गांव में वन विभाग और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बैठक की। विधायक कैड़ा ने कहा कि तुषराड से पुटपुड़ी, भद्रकोट–छीड़ाखान तक मोटर मार्ग का निर्माण अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शासन से राज्य योजना के अंतर्गत प्रथम चरण की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। अब पीडब्ल्यूडी और वन विभाग संयुक्त रूप से मोटर मार्ग की द्वितीय चरण की डीपीआर तैयार कर शीघ्र शासन को भेजें, ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग का मिलान देवली–कोटली मोटर मार्ग से किया जाएगा। इसके बनने से एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचने में 40 से 50 किमी की दूरी कम हो जाएगी।
दौरे के दौरान विधायक ने ग्रामीणों द्वारा बताई गई अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

+ There are no comments
Add yours