भीमताल । भारी बारिश के बीच कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में धारी ब्लॉक के देवनगर–पलड़ा ग्रामीण सभा के लोग अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई सिंचाई खंड हल्द्वानी से मिले और क्षेत्र के लिए सड़क निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों ने ज्ञापन प्रेषित कर खोलटा–चयुराकनाला–नौबन–सल्यानी–भूगड़ा–चयुराखुनी–सकिनजाला–कन्याली तक सड़क जोड़े जाने की मांग की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा और ज्येष्ठ प्रमुख धारी नंदाबल्लभ बृजवासी ने कहा कि मोटरमार्ग न होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपजाऊ भूमि होने के बावजूद किसानों की पैदावार समय पर मंडी तक नहीं पहुंच पाती। वहीं छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन किलोमीटरों पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ता है। युवाओं का पलायन बढ़ रहा है, ऐसे में इस सड़क का निर्माण नितांत आवश्यक है।
अधिशासी अभियंता ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संबंधित अधिकारी को बुलाया और प्राथमिकता के आधार पर सड़क सर्वे कराने के निर्देश दिए। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस नेता मनोज शर्मा, ज्येष्ठ प्रमुख धारी नंदाबल्लभ बृजवासी, मोहित तिवारी समेत अन्य लोग शामिल रहे।

+ There are no comments
Add yours