भीमताल । जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम क्षेत्र में गुरुवार को वार्ड 49 और 50 के लिए जन सुविधा शिविर आयोजित किया गया। जनमिलन केंद्र में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में आधार सेवा के तहत 22 नए आधार कार्ड बनाए और संशोधित किए गए। विद्युत विभाग में आई चार शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। पूर्ति विभाग में तीन शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें नया राशन कार्ड बनाने और नाम जोड़ने की समस्याएं शामिल थीं। जल संस्थान में पानी की नई लाइन बिछाने को लेकर एक शिकायत दर्ज हुई, जिस पर नगर आयुक्त ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के अंतर्गत विवाह पंजीकरण के लिए भी आवेदन लिए गए। शिविर में वार्ड 49 के पार्षद चन्दन मेहता और वार्ड 50 की पार्षद नीमा भट्ट समेत सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। लोगों ने इस पहल को सराहते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया।
इसी क्रम में शुक्रवार 22 अगस्त को भी शिविर आयोजित होंगे। वार्ड 47 का शिविर शिवकालीधाम मंदिर, पुष्प विहार (पार्षद आवास के पास) और वार्ड 48 का शिविर पलक बैंक्वेट हॉल, हल्द्वानी में होगा। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील की है।

+ There are no comments
Add yours