पर्यटन सीजन में शटल सेवा, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं पर फोकस

Estimated read time 0 min read





भीमताल: आगामी पर्यटन सीजन में पर्यटकों को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अनामिका ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शटल सेवा, पार्किंग, पेयजल, शौचालय और विद्युत व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि यहां आने वाला हर सैलानी बेहतर अनुभव लेकर लौटे। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, नाव व घोड़ा चालक संघ सहित विभिन्न संगठनों व विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सीडीओ ने पिछले पर्यटन सीजन के अनुभवों और स्थानीय लोगों के फीडबैक के आधार पर सुधार की रूपरेखा पर चर्चा की।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन स्थानों पर पार्किंग के टेंडर होने हैं, उन्हें समय पर निपटाया जाए, शटल सेवा के टेंडर की प्रक्रिया भी पूर्व से पूरी कर ली जाए, सभी पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत और किराया सूची की व्यवस्था सुनिश्चित हो, होटल व्यवसायियों की दर सूची भी शटल और पार्किंग स्थलों पर प्रदर्शित कराई जाए।
सीडीओ ने चेतावनी दी कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सड़क किनारे रखी मिट्टी, मलबा और भवन निर्माण सामग्री तत्काल हटाई जाए। साथ ही पुलिस और परिवहन विभाग यह सुनिश्चित करें कि सड़क किनारे वाहन खड़े न हों, जिससे जाम की स्थिति न बने। उन्होंने कैंचीधाम में निर्माणाधीन पार्किंग कार्यों की समीक्षा करते हुए पीडब्ल्यूडी को तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं घोड़ा स्टैंड क्षेत्र में वाहन पार्किंग को व्यवस्थित करने के लिए एसडीएम नैनीताल को जिम्मेदारी सौंपी।बैठक में सचिव विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, एसडीएम नैनीताल नवाजिश खालिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी पी.के. साह, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष सुदर्शन साह, विधायक प्रतिनिधि हरीश राणा सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours