भीमताल : नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम हल्द्वानी क्षेत्र में जन सुविधा शिविरों का आयोजन लगातार जारी है। सोमवार को वार्ड 55 और 56 में लगे शिविरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया।
वार्ड 56 में ए-1 गार्डन जीतपुर नेगी रामपुर रोड और वार्ड 55 में जनमिलन केंद्र पर आयोजित शिविरों में विद्युत, जल संस्थान, सिंचाई और पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। नागरिकों ने अपनी समस्याएँ सीधे अधिकारियों के सामने रखीं, जिनका पंजीकरण कर मौके पर कार्रवाई की गई।आधार सेवा के अंतर्गत 20 नए कार्ड बनाए और संशोधित किए गए, विद्युत विभाग में 3 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें नए मीटर, कनेक्शन स्थानांतरण और तारों के लटकने की समस्या शामिल रही, पूर्ति विभाग में 9 शिकायतें आईं, जिनमें राशन कार्ड में नाम जोड़ना, पता परिवर्तन और ऑनलाइन प्रक्रिया संबंधी दिक्कतें शामिल थीं। एक दिव्यांग नागरिक की ओर से राशन कार्ड का आवेदन भी प्राप्त हुआ।इसके अलावा नगर निगम से संबंधित समस्याएँ मुख्यतः स्ट्रीट लाइट लगाने व उनकी मरम्मत से जुड़ी थीं। साथ ही, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के तहत विवाह पंजीकरण के लिए भी नागरिकों ने आवेदन किए। शिविर में वार्ड 55 के पार्षद अमित बिष्ट और वार्ड 56 की पार्षद भागीरथी देवी मौजूद रहे। नागरिकों ने शिविर को बेहद उपयोगी बताते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि अगला शिविर मंगलवार, 19 अगस्त को वार्ड 54 के सिद्धेश्वर मंदिर प्रांगण और वार्ड 53 के कान्ता बैंक्वेट हॉल में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। जिला प्रशासन ने विवाह पंजीकरण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। प्रशासन ने बताया कि विवाह प्रमाणपत्र से न केवल सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है, बल्कि पासपोर्ट, बैंक खाता, संपत्ति लेन-देन और बीमा पॉलिसी जैसे कार्यों में भी यह आवश्यक दस्तावेज है। अब यह सुविधा सीधे वार्डों और ग्राम पंचायतों में स्थापित जन सेवा केंद्रों तथा विशेष जन सुविधा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराई जा रही है।

+ There are no comments
Add yours