भीमताल: उत्तराखंडी फिल्मों को नया मुकाम दिलाने की दिशा में जल्द ही दो बड़ी फिल्में ‘बोल्या काका’ और ‘दून एक्सप्रेस’ रिलीज होंगी। रविवार को हल्द्वानी के होटल प्राइड में आयोजित प्रेस वार्ता में हॉलीवुड व बॉलीवुड अभिनेता हेमंत पांडे ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सितंबर तक ये दोनों फिल्में उत्तराखंड के साथ-साथ देश के कई राज्यों के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होंगी।उन्होंने बताया कि जी.बी. म्यूजिक ट्रेडिंग एंड सर्विस प्रोवाइडर’ के बैनर तले बनी फिल्म बोल्या काका में हेमंत पांडे सूत्रधार की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के निर्माता प्रशांत कुमार और निर्देशक व लेखक शिव नारायण सिंह रावत हैं। रावत को फिल्म इंडस्ट्री का 50 वर्षों का अनुभव है। फिल्म का मकसद उत्तराखंड की ज्वलंत समस्याओं को बड़े पर्दे पर लाना है। इसमें सुमन गौड़, विपिन सेमवाल, मोहित घिल्डियाल, शिवानी कुकरेती, अशोक नेगी समेत कई कलाकारों ने अभिनय किया है।
—————————————————————-
महिला सशक्तिकरण पर आधारित ‘दून एक्सप्रेस’
दूसरी फिल्म दून एक्सप्रेस उत्तराखंड की एक 10 वर्षीय बच्ची के संघर्ष और महिला सशक्तिकरण की कहानी है। इसमें हेमंत पांडे उत्तराखंड के राजनीतिक नेता का अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्माण ‘पांडे एंटरटेनमेंट एंड प्रोडक्शन’ के बैनर तले हुआ है। इसके निर्माता दीपक पांडे और ममता पांडे, लेखक-निर्देशक अनुग्रह अग्निहोत्री हैं।
——————————————————————-
उत्तराखंडी फिल्मों को मिले प्राइम टाइम
प्रेस वार्ता के दौरान निर्देशक शिव नारायण सिंह रावत ने उत्तराखंडी फिल्मों को बचाने और भाषा-संस्कृति को संरक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह बंगाल सरकार ने बांग्ला फिल्मों को थिएटर में प्राइम टाइम स्लॉट दिया है, उसी तरह उत्तराखंड सरकार को भी प्रदेश की फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने चाहिए।
———————————————————————
‘वोकल फॉर लोकल’ से मिलेगा संबल
हेमंत पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संदेश का हवाला देते हुए कहा कि प्रादेशिक भाषाओं में बनने वाली उत्तराखंडी फिल्मों को प्राइम टाइम में स्थान देकर उन्हें संरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपील की कि प्रदेश की फिल्मों को प्रीमियम शो मिलना चाहिए, ताकि युवाओं को रोजगार और नई पहचान मिल सके।
निर्माता दीपक पांडे ने कहा कि उत्तराखंडी फिल्मों के जरिए प्रदेश की संस्कृति, मंदिर, हिमालय, नदियां, झरने, खानपान और रहन-सहन को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह पंजाबी, भोजपुरी और बंगाली फिल्में रिकॉर्ड बना रही हैं, उसी तरह उत्तराखंड की फिल्म इंडस्ट्री भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
फिल्म दून एक्सप्रेस के साथ ही निर्देशक अनुग्रह अग्निहोत्री ने अपनी नई वेब सीरीज तलाश की भी घोषणा की, जिसका निर्माण ‘ऑन फिल्म्स’ और ‘नितिन एंटरटेनमेंट’ द्वारा किया जा रहा है।
वार्ता में निर्माता ममता पांडे, सीए जयप्रकाश अग्रवाल समेत फिल्म से जुड़े कई कलाकार मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours