केंद्रीय विद्यालय भीमताल में हर्षोल्लास के साथ जन्माष्टमी मनाई गई

Estimated read time 1 min read





भीमताल : केंद्रीय विद्यालय, भीमताल में शनिवार को जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्या अंजु सिंह के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए जीवन में सत्य, धर्म और कर्तव्यनिष्ठा अपनाने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की। इसमें बाल कृष्ण का स्वरूप, माखन चोरी की लीला, ग्वाल-बालों संग रास और गीता उपदेश ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे छोटे बच्चों के नृत्य और झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रास लीला का मंचन रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह और सहयोग की भावना के साथ भागीदारी की। पूरे आयोजन की सफलता में शिक्षकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।इसमें डॉ. परवीन जहां, राजेंद्र सिंह, सुमन देवी, रेनू पांडेय, निशा देवी, कविता रानी और डॉ. अरविंद दीक्षित विशेष रूप से शामिल रहे।अंत में प्राचार्या ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “यह पर्व हमें सत्य, धर्म और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है।” कार्यक्रम का समापन भजन-कीर्तन के साथ हुआ और संपूर्ण विद्यालय प्रांगण श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में रंग गया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours