भीमताल: अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मंगलवार को जिला न्यायालय नैनीताल के सभी न्यायाधीश और कर्मचारी अपने आवास से पैदल चलकर कार्यस्थल पहुंचे। इस पहल का उद्देश्य वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करना, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देना था।
यह कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश और जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल हरीश कुमार गोयल के नेतृत्व में आयोजित हुआ। हल्द्वानी और रामनगर स्थित बाह्य न्यायालयों व अन्य विभागों ने भी दिवस मनाया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव बीनू गुलयानी ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस 2025 की थीम “स्थायी विकास लक्ष्यों और उससे आगे के लिए स्थानीय युवा कार्य” है, जो युवाओं की भूमिका को सतत विकास, सामाजिक परिवर्तन और शांति में रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि सभी लोग पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर एक बेहतर राष्ट्र और भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल, न्यायाधीश सुधीर तोमर, अपर जिला न्यायाधीश कुलदीप शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश, सिविल जज (सी.डी.) हर्ष यादव, सिविल जज (सी.डी.)/सचिव बीनू गुलयानी, सिविल जज (जू.डी.) उर्वशी रावत, अपर सिविल जज (जू.डी.) स्नेहा नारंग, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सोहन तिवारी, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हेमा शर्मा, शासकीय अधिवक्ता सुशील शर्मा समेत सभी कर्मचारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours