श्रीनगर। रक्षाबंधन पर्व पर शनिवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित छात्रावासों में प्रकृति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने कुलपति के अगुवाई में फलदार और औषधीय पौधरोपण कर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
छात्राओं ने कहा कि अपने घरों से इतना दूर रहकर उन्होंने पौधरोपण कर अपने भाईयों के तरह वृक्षों के सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया है। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि पेड़ धरती का श्रृंगार होते हैं। प्रकृति का संरक्षण और संवर्धन करना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं और शिक्षकों को अधिकाधिक संख्या में पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि छात्रावासों में रह रहीं छात्रा को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए वह समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण कर रहें है। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने विवि के मुख्य छात्रावास अधीक्षक और रखरखाव और अनुरक्षण विभाग के अधिशासी अभियंता विजयानंद बहुगुणा को छात्राओं की समस्या के समाधान किए जाने के निर्देश दिए।
चौरास परिसर के निदेशक प्रो. आरएस नेगी ने कार्यक्रम में गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह का स्वागत किया। प्रो. आर एस नेगी ने कहा कि गढ़वाल विवि में शोध कार्यों के साथ-साथ इस तरह के कार्यक्रमों का समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे। प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन पर्व पर प्रकृति वंदन सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस मौके पर प्रमोशन एवं रिक्रूटमेंट सेल के डीन प्रो. एमएस पंवार, एग्रीकल्चर एवं एलाइड साइंस के डीन प्रो. एके नेगी, मुख्य छात्रावास अधीक्षक डा. सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, मुख्य नियंता प्रो. एससी सती, प्रो. आरएस फत्याल, डा. विजयकांत पुरोहित, डा. डीके राणा, डा. सोनल सहित छात्रावास की अधीक्षक मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours