भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ उत्तराखंड में दो बड़ी रैलियों करेगी कांग्रेस

Estimated read time 1 min read

देहरादून। आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागणों एवं कांग्रेस विधायकगणों की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) सदस्य प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्लूसी) के सदस्य गणेश गोदियाल, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्लूसी) के सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, एआईसीसी सचिव एवं सहप्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, एआईसीसी सचिव काजी निजामुद्दीन, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व मंत्री डॉ0 हरक सिंह रावत, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, महेन्द्र सिह पाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, पूर्व मंत्री नवप्रभात, विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत सिंह रावत, पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, विधायक विक्रम सिंह नेगी, मदन सिंह बिष्ट, हरीश धामी, मनोज तिवारी, आदेश चौहान, ममता राकेश, फुरकान अहमद, अनुपमा रावत, विरेन्द्र जाति, रवि बहादुर, लखपत सिंह बुटोला, पूर्व विधायक जोत सिंह  गुनसोला एवं लोकसभा प्रत्याशी विरेन्द्र रावत एवं आर्येन्द्र शर्मा उपस्थित थे।

बैठक में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेशभर में चलाये जा रहे ‘‘मेरा वोट मेरा अधिकार’’ कार्यक्रम की समीक्षा के साथ ही आगामी छः माह के कार्यक्रमों की रूप रेखा पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी नेताओं ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड प्रदेश में आगामी समय में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ गढ़वाल मंडल एवं कुमाऊं मंडल में दो बडी रैलियों का आयोजन करेगी। उन्होंने कहा कि आज सत्ताधारी भाजपा संविधान द्वारा जनता को दिये गये वोट के अधिकार से वंचित कर ऐन-केन-प्रकारेण चुनाव जीतना चाहती है कांग्रेस पार्टी द्वारा भाजपा के इस षडयंत्र का पर्दाफाश किया जायेगा।

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने बैठक में यह भी जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 21 एवं 22 मार्च को पार्टी के जिला एवं महानगर अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है जिसमें संगठन की मजबूती तथा जनता को संविधान द्वारा प्रदत्त अपने अधिकारों एवं जनहित के मुद्दों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला एवं महानगर अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। साथ ही भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आगामी छः महीने तक लगातार पूरे प्रदेश में एक अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन द्वारा प्रदेशभर के हर पोलिंग बूथ से 20 ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है जिनके वोट इन निकाय चुनावों और केदारनाथ उपचुनाव में काटे गये हैं और बाहरी लोगों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े गये हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के अध्यक्ष सचिन राव की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में सहंशाही रिसार्ट राजपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की पिछले तीन वर्ष की प्रमुख उपलब्धियां, भ्रष्टाचार, बलात्कार और बेरोजगारी प्रमुख रही हैं। कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर राज्य की भाजपा सरकार की तीन साल की हर मोर्चे पर विफलताओं को जनता के बीच प्रमुखता से उजागर करेगी।

सीडब्लूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा कि आज देश और प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई एवं भ्रष्टाचार अपने चरम पर है तथा भाजपा साम्प्रदायिक मुद्दों की ओर जनता का ध्यान भटका रही है। कांग्रेस पार्टी भाजपा की इस जन विरोधी नीतियों का जनता के बीच जाकर पर्दाफाश करेगी। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखण्ड राज्य में सरकारी भ्रष्टाचार में आम जनता की गाढी कमाई का पैसा भाजपा सरकार के मंत्रियों के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा के राज में बेटियां सबसे अधिक असुरक्षित भाजपा के नेताओं से हैं, आम जनता भाजपा के नेताओं से बेटी बचाओ के लिए संघर्ष कर रही है। आगामी कुछ माह में कांग्रेस पार्टी एक चरणबद्ध तरीके से भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतर कर संघर्ष करेगी।

बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती तथा पार्टी द्वारा आगामी समय में चलाये जाने वाले कार्यक्रमों एवं जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने-अपने सुझाव दिये। विधायकों द्वारा सदन में उठाये गये मुद्दों तथा सदन में सरकार पर बनाये गये दबाव की जानकारी साझा की तथा आने वाले समय में संगठन द्वारा उठाये जाने वाले मुद्दों पर अपने सुझाव दिये।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours