भीमताल : कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने के निर्देश दिए।
मंत्री कैड़ा ने धारी, सुन्दरखाल, सुन्दरनगर, दाडीम, ओड़ाखान, तल्लारामगढ़, झूतिया, बोहराकोट और डाकबंगला समेत कई गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण क्षेत्र में किसानों की आड़ू, पुलम, खुमानी, मटर, मिर्च, टमाटर और आलू की फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर निर्देश दिए कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्रों में उद्यान एवं कृषि विभाग की टीमों को गांव-गांव भेजकर नुकसान का जल्द आकलन कराया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा मिल सके।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के चलते किसानों पर दोहरी मार पड़ी है, ऐसे में सरकार उनकी हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

+ There are no comments
Add yours