प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, कालू सिद्ध मंदिर में की पूजा-अर्चना

Estimated read time 1 min read





नवनिर्मित भव्य मंदिर परिसर का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं से बोले – यह आस्था का केंद्र, संस्कृति का गौरव

भीमताल : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हल्द्वानी के ऐतिहासिक कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर में छत्र चढ़ाया और मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री के मंदिर आगमन पर महिलाओं ने कलश यात्रा के साथ पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। पीठाधीश्वर महंत कालू गिरी महाराज और महंत त्रिवेणी गिरी महाराज के सान्निध्य में उपस्थित संतों ने उन्हें रुद्राक्ष की माला पहनाकर सम्मानित किया। पूजन कार्यक्रम आचार्य डॉ. भूवन चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में 16 आचार्यों द्वारा विधिपूर्वक संपन्न कराया गया। मंदिर प्रांगण में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कालू सिद्ध मंदिर क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण योजना के अंतर्गत मंदिर का स्थान परिवर्तन कर भव्य रूप में पुनर्निर्माण किया गया है, जिसमें मंदिर समिति की भूमिका प्रशंसनीय रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। “हमारा प्रयास है कि धार्मिक स्थलों का विकास इस तरह हो कि श्रद्धालु सुविधाजनक और दिव्य वातावरण का अनुभव कर सकें,” मुख्यमंत्री ने कहा। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, विधायक राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’, राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, रेनू अधिकारी, नवीन वर्मा समेत भाजपा पदाधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा, नगर आयुक्त ऋचा सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours