बड़ोंन से सजानी सड़क निर्माण को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, उग्र आंदोलन की चेतावनी

Estimated read time 1 min read





पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु बोले- आठ साल बाद भी नहीं बनी सड़क, अब चूल्हा-चौका लेकर जाएंगे

भीमताल : विधानसभा भीमताल के ग्राम सभा बड़ोंन में शनिवार को ग्राम प्रधान गीता देवी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ोंन-सजानी सड़क मार्ग के निर्माण को लेकर गंभीर चर्चा हुई। बैठक में ग्रामीणों ने सड़क न बनने पर आक्रोश जताते हुए लोक निर्माण विभाग भवाली कार्यालय में चूल्हा-चौका और मवेशियों के साथ धरना देने की चेतावनी दी। बैठक में मौजूद पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हरीश पनेरु ने कहा कि शासन-प्रशासन तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण आज तक बड़ोंन-सजानी सड़क मार्ग का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि यदि यह सड़क बन जाए तो सिर्फ 7 किलोमीटर की दूरी तय कर लोग सजानी पहुंच सकते हैं, जबकि वर्तमान में ग्रामीणों को 40 किलोमीटर का लंबा चक्कर काटना पड़ता है। पनेरु ने 2017 के विधानसभा चुनाव की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय के विधायक राम सिंह कैड़ा ने एक साल में सड़क निर्माण का वादा किया था। उन्होंने ग्रामीणों के सामने कसम खाई थी कि वे इसी सड़क से होकर बड़ोंन पहुंचेंगे, लेकिन आठ साल बीत जाने के बाद भी सड़क नहीं बनी।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण भवाली जाकर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसमें महिलाएं चूल्हा-चौका, पशुधन आदि लेकर पहुंचेंगी और संपूर्ण जिम्मेदारी शासन व संबंधित विभाग की होगी। इस अवसर पर गिरीश आर्य, पूर्व सरपंच इंदर सिंह चिलवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य बालम चिलवाल, राजेन्द्र आर्या, दीवान राम, बची सिंह चिलवाल समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में घोषणा की कि –
“या तो सड़क बनेगी, या हम जेल जाने से पीछे नहीं हटेंगे।”




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours