न्यायालय परिसरों में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, न्यायिक अधिकारियों ने किया पौधारोपण

Estimated read time 0 min read





विश्व पर्यावरण दिवस पर नैनीताल, हल्द्वानी, रामनगर और धारी न्यायालय परिसर में चला वृक्षारोपण अभियान

भीमताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर नैनीताल सहित बाह्य न्यायालय हल्द्वानी, रामनगर और धारी न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रशांत जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान न्यायालय परिसरों में औषधीय एवं फलदार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों के महत्व पर प्रकाश डाला और उनकी नियमित देखभाल व सिंचाई सुनिश्चित करने की अपील की।
जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी ने कहा कि सुरक्षित पर्यावरण हम सभी के जीवन के लिए आवश्यक है। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और सतत विकास की दिशा में कार्य करना मानव जीवन का उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों को “इस पेड़ की जिम्मेदारी मेरी है” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सुशील तोमर, प्रथम अपर जिला न्यायाधीश संजीव कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रविशंकर मिश्रा, सिविल जज आलोक राम त्रिपाठी, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि रंजन, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल थपलियाल, न्यायिक मजिस्ट्रेट उर्वशी रावत, स्नेहा नारंग, सिविल जज चंदेश्वरी सिंह, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सोहन तिवारी, बार अध्यक्ष अरुण बिष्ट, सचिव संजय सुयाल और रिटेनर अधिवक्ता तारा आर्या सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours