जनसुनवाई में पीड़ित को मिला इंसाफ, जमीन सौदे के 15.50 लाख रुपये लौटे

Estimated read time 0 min read





आयुक्त दीपक रावत की पहल पर दोनों पक्षों में समझौता, बैंक खाते में वापस हुई रकम

भीमताल। जनसुनवाई में पहुंचे भूमि विवाद के एक मामले में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की पहल रंग लाई। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद जमीन खरीद के लिए दी गई 15 लाख 50 हजार रुपये की रकम पीड़ित को वापस मिल गई।

हल्द्वानी के आस्था विहार पॉलीशीट निवासी संजय जनोटी ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने भीमताल के ग्राम ढूंगसील निवासी पुष्पा पाण्डे से भूमि खरीद के लिए अनुबंध किया था। अनुबंध के तहत संजय ने गूगल पे के माध्यम से 15 लाख 50 हजार रुपये संबंधित पक्ष के खाते में ट्रांसफर किए थे।

भूमि की रजिस्ट्री के दौरान रास्ते को लेकर विवाद सामने आने पर संजय जनोटी ने अपनी धनराशि वापस मांगी, लेकिन रकम नहीं लौटाई गई। मामला जनसुनवाई में पहुंचने पर आयुक्त दीपक रावत के निर्देश पर दोनों पक्षों की सुनवाई की गई।

सुनवाई के दौरान समझौते के आधार पर पुष्पा पाण्डे ने 15 लाख 50 हजार रुपये बैंक के माध्यम से संजय जनोटी के खाते में वापस हस्तांतरित कर दिए। धनराशि वापस मिलने पर संजय जनोटी ने आयुक्त दीपक रावत का आभार व्यक्त किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours