17 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण कार्य, जनता के पैसे का नहीं होगा दुरुपयोग : विधायक
भीमताल : विधानसभा भीमताल के अंतर्गत अमृतपुर से डहरा, अमीया, जमरानी मोटर मार्ग की दुर्दशा को लेकर लंबे समय से उठ रही मांग के बाद अब सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण की धीमी गति को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। विधायक कैड़ा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को देखते हुए शासन से 17 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है। इसके तहत मोटर मार्ग पर पुल निर्माण, सोलिंग, डामरीकरण, चौड़ीकरण और सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य की गति बहुत धीमी है, जिससे आम जनता को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में कोई भी लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक कैड़ा ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा और कार्य की हर स्तर पर निगरानी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाए ताकि ग्रामीणों को शीघ्र राहत मिल सके।ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि वर्षों बाद अब इस मार्ग के सुधरने की उम्मीद जगी है, जिससे विशेषकर बरसात के मौसम में होने वाली दिक्कतों से निजात मिल सकेगी।

+ There are no comments
Add yours