कहा- सरकार समाधान नहीं दे सकती तो जनता को दे अनुमति, हफ्ते भर में बना देंगे बायपास
भीमताल : वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने काठगोदाम से भीमताल और भवाली तक के मार्ग में लगने वाले लगातार जाम पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से जाम की समस्या स्थानीय लोगों के लिए एक भीषण त्रासदी बन चुकी है, लेकिन सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी कोई परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि जाम की वजह से किसानों के उत्पाद मंडियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। कई बार फलों और सब्जियों की गुणवत्ता जाम में फंसने के कारण खराब हो जाती है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि एक घंटे का सफर अब दस से ग्यारह घंटे में पूरा हो रहा है। शर्मा ने कहा कि जाम की वजह से स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बीमार लोगों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा पा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में जाम में फंसी एंबुलेंस में एक मरीज की मौत हो गई, जो बेहद दुखद है। वहीं पर्यटक भी इस अव्यवस्था से परेशान होकर राज्य की गलत छवि लेकर लौट रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार, पांच सांसद, एक केंद्रीय मंत्री और पूरी सरकार मौजूद है, लेकिन फिर भी एक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान रोड को जीरो जोन कर दिए जाने से आम जनता पर जाम का अतिरिक्त दबाव पड़ता है। मनोज शर्मा ने कहा कि सरकार, मंत्री और अधिकारी सिर्फ झूठे आश्वासन दे रहे हैं। ग्रामीण और व्यापारी हर दिन जाम की मार झेल रहे हैं। सेना के वाहन भी आए दिन जाम में फंसते हैं, जिससे देश की सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि यदि सरकार कुछ किलोमीटर का बायपास नहीं बना सकती है तो उन्हें अनुमति दे दी जाए, वे स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक सप्ताह में बायपास बनाकर समस्या का समाधान कर देंगे। उन्होंने सरकार से स्पष्ट कह दिया कि यदि वह जनता की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकती तो स्वीकार करे कि वह असफल है। यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस पार्टी और आम जनता सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

+ There are no comments
Add yours