हल्द्वानी-काठगोदाम की क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए 15 करोड़ रुपये की योजना को भी मिली मंजूरी
भीमताल, 14 जुलाई। रुद्रपुर के मोदी मैदान में अब अत्याधुनिक इंडोर और आउटडोर स्टेडियम का निर्माण होगा। स्टेडियम के निर्माण के लिए 23.32 करोड़ रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया है। वहीं हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए 15 करोड़ रुपये की धनराशि अवस्थापना विकास निधि से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में हुई दो अलग-अलग बैठकों में दोनों परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन फैसलों से रुद्रपुर में खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ ही हल्द्वानी-काठगोदाम में सड़क ढांचे को बेहतर बनाने का रास्ता साफ हुआ है।
8.594 हेक्टेयर में विकसित होगा स्टेडियम
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत रुद्रपुर के मोदी मैदान में इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए पूर्व में खेल विभाग को आवंटित भूमि को आवास विभाग के नाम स्थानांतरित किया गया है। उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को परियोजना की कार्यदायी संस्था नामित किया गया है।
मोदी मैदान में कुल 9.1915 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध है, जिसमें करीब 8.594 हेक्टेयर क्षेत्र में स्टेडियम परिसर विकसित किया जाएगा। मैदान के दोनों ओर सड़कें होने के कारण परिसर में आवागमन की सुविधा भी बेहतर रहने की उम्मीद है। स्टेडियम का उपयोग खेल गतिविधियों के अलावा सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य बड़े आयोजनों के लिए भी किया जा सकेगा।
23.32 करोड़ का आगणन स्वीकृत
स्टेडियम निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम ऊधमसिंहनगर ने 2374.56 लाख रुपये का आगणन तैयार किया था। नियोजन विभाग के टीओसी परीक्षण के बाद 2332.05 लाख रुपये यानी करीब 23.32 करोड़ रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया है। इससे परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
फुटबाल, वालीबाल और बैडमिंटन के लिए मिलेगा मंच
अत्याधुनिक इंडोर और आउटडोर सुविधाओं से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास एवं प्रतियोगिता का मंच मिलेगा। फुटबाल, वालीबाल, बैडमिंटन समेत विभिन्न खेलों के लिए सुविधाएं विकसित होने से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
हल्द्वानी-काठगोदाम की सड़कें होंगी दुरुस्त
बैठक में हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये की धनराशि अवस्थापना विकास निधि से स्वीकृत किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। लोक निर्माण विभाग को कार्यदायी संस्था नामित करने का निर्णय लिया गया है।
हल्द्वानी-काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख शहरी और व्यावसायिक क्षेत्र है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार से वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विकास योजनाओं को समयबद्ध पूरा करना प्राथमिकता
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवास एवं अवस्थापना विकास से जुड़ी घोषणाओं को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जा रहा है। रुद्रपुर का प्रस्तावित स्टेडियम युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं हल्द्वानी-काठगोदाम में सड़क सुधार की योजना से जनसुविधाओं में सुधार होगा। शासन स्तर पर लिए गए निर्णयों का समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours