अस्पतालों में मरीजों को बाहर की दवा लिखी तो होगी कार्रवाई, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में दवा, उपकरण, स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्थाओं की समीक्षा

भीमताल, 14 अगस्त। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बाहर से दवा लिखे जाने पर सख्त नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत सभी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं। अस्पतालों में जेनरिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को दवा खरीदने के लिए बाहर न जाना पड़े।

शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें बेस अस्पताल हल्द्वानी, महिला अस्पताल हल्द्वानी, बीडी पांडेय चिकित्सालय नैनीताल और रामनगर चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, स्वच्छता, भवनों के रखरखाव और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बीडी पांडेय अस्पताल में होंगे कई काम

बीडी पांडेय चिकित्सालय नैनीताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पांच इनवर्टर खरीदने की अनुमति दी गई। आवश्यक दवाओं के साथ जच्चा-बच्चा संबंधी दवाओं की खरीद को भी स्वीकृति दी गई। अस्पताल में विभिन्न छोटे मरम्मत कार्यों की अनुमति दी गई है। बड़े निर्माण कार्यों के लिए शासन को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। मरीजों की सुविधा के लिए छोटी एंबुलेंस खरीदने की भी अनुमति दी गई। स्वीकृत पदों के सापेक्ष आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमानुसार रखने की स्वीकृति भी दी गई।

बेस अस्पताल में उपकरण और भवनों पर जोर

सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में स्वीकृत पदों पर तैनाती के लिए शासन को शीघ्र पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। पुराने आवासों की मरम्मत तथा नवनिर्मित भवनों के हस्तांतरण से संबंधित अवशेष कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया। इलेक्ट्रिक स्टेबलाइजर और ऑपरेशन थिएटर के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने की स्वीकृति दी गई। पुरानी देयताओं का भुगतान मुख्य चिकित्सा अधिकारी/पीएमएस की जांच के बाद करने के निर्देश दिए गए।

महिला अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा

महिला चिकित्सालय में शौचालय समेत अन्य निर्माण एवं रखरखाव कार्यों की समीक्षा की गई। अस्पताल में लघु निर्माण कार्य कराने तथा आवश्यकतानुसार आउटसोर्स कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए।

रामनगर अस्पताल में जल्द शुरू होगा आईसीयू

रामनगर चिकित्सालय में आईसीयू को जल्द संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने अस्पताल की अन्य कमियों को भी समयबद्ध तरीके से दूर करने को कहा।

बरसात में संक्रामक रोगों से निपटने के लिए रहें तैयार

बारिश के मौसम में संभावित संक्रामक रोगों को देखते हुए डीएम ने सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाएं, उपकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संक्रामक रोगों से बचाव और उपचार की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने अस्पतालों में स्वच्छता, चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों को उपचार और दवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पतालों की व्यवस्थाओं में जो भी कमी सामने आए, उसे समय रहते दूर किया जाए।

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष नैनीताल डॉ. सरस्वती खेतवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, पीएमएस डॉ. द्रोपदी गर्ब्याल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रामनगर डॉ. तपन कुमार शर्मा, एसटीओ कोषागार डीके अन्नू, सुभाष चंद्र समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours