SIR-2026: नैनीताल में 99.76 प्रतिशत नोटिस तामील, 76.77 प्रतिशत सुनवाई पूरी

भीमताल, 24 अगस्त। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल के निर्देशानुसार हुई।

बैठक में नोटिस वितरण एवं सुनवाई की प्रगति की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। बताया गया कि जनपद में कुल 6,93,325 मतदाता हैं। नोटिस वितरण के लिए चिन्हित 2,35,085 मतदाताओं में से 2,34,524 यानी 99.76 प्रतिशत को नोटिस तामील किए जा चुके हैं। इनमें से 1,80,061 यानी 76.77 प्रतिशत मामलों में सुनवाई पूरी कर ली गई है।

18,027 फॉर्म प्राप्त

ईआरओ नेट सॉफ्टवेयर में अब तक फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के कुल 18,027 प्रकरण प्राप्त हुए हैं। इनमें नए नाम जोड़ने के लिए 6,133 फॉर्म-6, फॉर्म-6ए के 32, आपत्ति के लिए 9,942 फॉर्म-7 तथा विलोपन से संबंधित 1,787 फॉर्म-8 शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं और 59-हल्द्वानी में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए निदेशक, कौशल विकास विभाग हल्द्वानी संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के आधार पर प्रतिदिन फॉर्म-9, 10, 11, 11ए और 11बी मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं जनपद की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन दो प्रतिशत से अधिक है, वहां ईआरओ द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा।

15 सितंबर को अंतिम प्रकाशन

बैठक में बताया गया कि दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 13 अगस्त 2026 निर्धारित थी, जबकि सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया 11 सितंबर 2026 तक पूरी की जानी है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि दावे-आपत्तियों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाएगा।

बैठक में उप जिलाधिकारी मोनिका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें बसपा के हरीश सीनोली, कांग्रेस के मनोज शर्मा, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रकाश पाठक, मयंक भट्ट एवं प्रशांत जोशी, भाजपा के दिनेश खुलवे, आनंद सिंह बिष्ट, कौस्तुभानंद जोशी, मनीष पाल तथा आम आदमी पार्टी के अब्दुल कादिर सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours