भीमताल, 24 अगस्त। आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विशेष नमूना संग्रहण अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाते हुए आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और मिठाइयां उपलब्ध कराना रहा।
माननीय मुख्यमंत्री के आदेश तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा और रसगुल्ला के नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए। इन नमूनों को खाद्य विश्लेषक के माध्यम से परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, नैनीताल अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।

+ There are no comments
Add yours