स्थानीयों की आपत्ति पर दोबारा किया गया सतह कोटिंग का कार्य, ठेकेदार को दिए सख्त निर्देश
भीमताल : कसियालेख-सूपी-लोद गल्ला सड़क निर्माण में लापरवाही की शिकायत पर प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए संयुक्त निरीक्षण किया। गुरुवार को उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिस खालिक ने लोक निर्माण विभाग भवाली व पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता, जनप्रतिनिधियों और शिकायतकर्ताओं के साथ मिलकर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि सड़क निर्माण में प्राइमर कोट की प्रक्रिया बिना सड़क की सतह को ठीक से साफ किए की जा रही थी। उनका कहना था कि सतह पर जमी धूल-मिट्टी हटाए बिना प्राइमर डाला गया, जिससे ब्लैक कोट की गुणवत्ता पर असर पड़ सकता है और सड़क जल्दी खराब होने की आशंका बनी रहती है। इसी कारण स्थानीय लोगों ने मंगलवार को निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
शिकायत के बाद विभाग व ठेकेदार ने सड़क की सतह को दोबारा साफ कर कोटिंग का कार्य पूर्ण किया। एसडीएम नवाजिस खालिक ने मौके पर ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी हालत में निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता न हो।
उन्होंने कहा कि कोटिंग से पूर्व सड़क की सतह को डस्टर व कंप्रेशन मशीन से पूरी तरह साफ किया जाना अनिवार्य है। यह भी स्पष्ट किया गया कि आगे इस सड़क कार्य को लेकर कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए।
वर्तमान में स्थानीय लोगों ने सड़क की मोटाई और अन्य गुणवत्ता से संबंधित कार्यों पर संतोष व्यक्त किया है।

+ There are no comments
Add yours