काठगोदाम से दानीजाला-अमृतपुर तक बनेगा बाईपास, जाम से मिलेगी निजात : विधायक कैड़ा

Estimated read time 1 min read





भीमताल : कुमाऊं की लाइफलाइन कही जाने वाली काठगोदाम-रानीबाग मोटर मार्ग पर हमेशा जाम की स्थितिबनी रहती है । जिससे अब जल्द ही निजात मिलने वाली है। क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने जानकारी दी कि काठगोदाम गौलाबैराज से दानीजाला होते हुए अमृतपुर तक बाईपास मोटर मार्ग का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा आंगणन तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है।
विधायक कैड़ा ने कहा कि यह मार्ग भीमताल विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि समूचे कुमाऊं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। नैनीताल, भीमताल, मुक्तेश्वर समेत कई पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाला यह मार्ग अक्सर भीषण जाम की चपेट में रहता है, जिससे न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि पर्यटकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि बाईपास निर्माण को लेकर शासन स्तर पर प्रक्रिया गतिमान है और शीघ्र ही कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाईपास मार्ग बन जाने से गुलाबघाटी और रानीबाग क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
विधायक कैड़ा ने कहा कि यह बाईपास न केवल यात्रियों के समय की बचत करेगा, बल्कि पर्यावरणीय दृष्टिकोण से भी लाभदायक होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्य में तेजी लाकर इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
स्थानीय लोगों ने भी विधायक कैड़ा की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से अब राहत मिलेगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours