विधायक कैड़ा ने किया पस्या नदी पर बन रहे पुल का निरीक्षण

Estimated read time 1 min read





1.21 करोड़ की लागत से बन रहा पुल, दर्जनभर गांवों को मिलेगा लाभ

भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के लमगड़ा-साचा मार्ग पर पस्या नदी में बन रहे पुल का बुधवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने स्थलीय निरीक्षण किया। पुल निर्माण कार्य 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। पुल की अनुपस्थिति में ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के समय नदी उफान पर आने से ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए 20 से 40 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता था। खासकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति बेहद कठिन हो जाती थी।
ग्रामीणों की वर्षों से चली आ रही मांग को देखते हुए विधायक कैड़ा ने सरकार से पुल निर्माण के लिए बजट स्वीकृत कराया। वर्तमान में पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विधायक कैड़ा ने बताया कि पुल के बनने से साचा, लमगड़ा, बेडुखेत, हैड़ाखान, पस्या, महराखेत, कौड़ार, देवली, छीड़ा समेत एक दर्जन से अधिक गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और बरसात में होने वाली परेशानी से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र की सभी मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जा रहा है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours