स्वच्छता कर्मियों को समय पर मिले सुविधाएं और वेतन: मकवाना

Estimated read time 0 min read





नैनीताल क्लब में हुई समीक्षा बैठक, बिना ठोस कारण नोटिस जारी करने पर जताई नाराजगी

भीमताल : उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने बुधवार को नैनीताल क्लब में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्वच्छता कर्मियों की समस्याओं पर गंभीर रुख अपनाते हुए साफ निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों को समय से वेतन, पीएफ, ईएसआई सहित अन्य सुविधाएं और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। मंत्री मकवाना ने नगर पालिका द्वारा 524 सफाई कर्मियों को आवास खाली कराने व किराया वसूली के लिए जारी नोटिसों पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना ठोस कारण के इस तरह के नोटिस जारी न किए जाएं और किसी भी कर्मचारी को बिना पूर्व सूचना या स्पष्टीकरण के न हटाया जाए।
बैठक में अनुपस्थित और बिना तैयारी के पहुंचे अधिकारियों पर भी राज्य मंत्री ने नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचे, इसके लिए समाज कल्याण, नगर निगम, पालिका समेत अन्य विभाग माह में कम से कम एक से तीन बार बहुउद्देशीय शिविर लगाएं।
उन्होंने मृतक आश्रितों को समय पर नौकरी देने, सेवानिवृत्त कर्मियों को समय पर भुगतान करने तथा सभी नियमित कर्मचारियों के लिए गोल्डन कार्ड बनाए जाने के लिए विभागीय स्तर पर शिविर लगाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मंत्री ने नमस्ते योजना की भी विस्तृत जानकारी ली और रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि नैनीताल में जल्द ही महर्षि वाल्मीकि चौक का निर्माण किया जाएगा। इस पर स्थानीय विधायक सरिता आर्य ने पंत पार्क में चौक निर्माण और विधायक निधि से महर्षि वाल्मीकि की मूर्ति लगाने का सुझाव दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, समाज कल्याण अधिकारी मोहम्मद चांद, नगर पालिका नैनीताल के ईओ द्वितीय विनोद सिंह जीना, ईओ लालकुआं राहुल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष भवाली पंकज अद्वैती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours