धारी ब्लॉक पहुंचे मंत्री राम सिंह कैड़ा, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

Estimated read time 1 min read





बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई चर्चा, पीएमजीएसवाई फेज-4 में नए गांवों को जोड़ने का दावा

भीमताल : विधानसभा क्षेत्र भीमताल के धारी ब्लॉक में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भाजपा पदाधिकारियों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने बिजली, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।

मंत्री कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गांवों तक अभी सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के फेज-4 में शामिल कर प्रस्ताव भारत सरकार को भेजे जा चुके हैं। प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद इन गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ने की दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें लाभ दिलाने का प्रयास करना चाहिए।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए सरकार और प्रशासन लगातार प्रयासरत हैं। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours