भीमताल। पर्यावरण दिवस की भावना को आगे बढ़ाते हुए ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में कैलाश द्वार से पंचायत घर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा स्वयंसेवी संगठन नीलकंठ ज़ीरो वेस्ट एनजीओ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे क्षेत्र की साफ-सफाई की।
अभियान में एनजीओ की सदस्य हिमानी मौर्या, शिखा पांडे, कुमकुम चंद्रा और सृजिता पात्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्वयंसेवकों ने आंगनबाड़ी केंद्र, जंगलिया गांव की दीवार पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती आकर्षक वॉल पेंटिंग भी बनाई, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि अब प्रत्येक रविवार को ‘स्वच्छता दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा और नियमित रूप से गांव में सफाई अभियान चलाया जाएगा।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी भीमताल हर्षित गर्ग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू किया गया था और अब इसे निरंतर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर महिला मंगल दल की अध्यक्ष रेखा कुल्याल, प्रेम सिंह कुल्याल, किशोरी दत्त सहित अन्य ग्रामवासी भी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours