घर-घर जाकर होगा सत्यापन, मतदाता सूची को बनाया जाएगा त्रुटिरहित
भीमताल : जनपद में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी राजनीतिक दलों, नागरिकों और युवाओं से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, विश्वसनीय और अद्यतन बनाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन के साथ-साथ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा उन गणना प्रपत्रों का दोबारा सत्यापन किया जा रहा है, जिन्हें पहले वास्तविक स्थिति के आधार पर अन-कलेक्टेबल श्रेणी में चिह्नित किया गया था। अभियान के दौरान मतदाताओं के निवास स्थलों का सत्यापन, मैपिंग का डिजिटलीकरण तथा निर्वाचन अभिलेखों को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही ढंग से मतदाता सूची में दर्ज करना तथा सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। इसके लिए निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर सत्यापन कार्य कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से बूथ स्तर पर चल रहे सत्यापन अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है।

+ There are no comments
Add yours