स्वच्छता कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आयोग की समीक्षा बैठक

Estimated read time 1 min read





लापरवाह अधिकारियों को फटकार

भीमताल : उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने गुरुवार को हल्द्वानी नगर निगम सभागार में नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्वच्छता कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पुनर्वास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए उपाध्यक्ष ने एसडीएम हल्द्वानी को ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, स्वच्छता कर्मचारियों के बकाया एरियर भुगतान में लापरवाही बरतने पर वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज काण्डपाल को कड़ी फटकार लगाई गई। उपाध्यक्ष ने एक माह के भीतर समस्त बकाया एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दस हजार की आबादी पर 28 सफाई कर्मचारियों की तैनाती के मानक के अनुसार नगर निगम को अतिरिक्त सफाईकर्मी नियुक्त करने हेतु प्रस्ताव तैयार कर बोर्ड बैठक में रखने के निर्देश भी दिए। आउटसोर्स कर्मचारियों को पीएफ और ईएसआई जैसे लाभ देने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों का अनिवार्य पंजीकरण कर उन्हें पुनर्वास योजनाओं का लाभ दिलाने, मृतक आश्रितों की नियुक्ति में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बरतने तथा बहुद्देशीय शिविरों के आयोजन कर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। इस दौरान हल्द्वानी नगर में स्थित महर्षि वाल्मीकि चौक के सौंदर्यीकरण के लिए भी शीघ्र कार्यवाही करने को कहा गया। बैठक में एसडीएम राहुल शाह, सीएमओ डॉ. हरीश पंत, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज काण्डपाल सहित नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours