अधिकारियों को दिए गुणवत्ता के निर्देश
भीमताल : लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े कसियालेख-चौखुटा-परबड़ा मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य का गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा बरसात के मौसम में डामरीकरण कार्य को रोकने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि धारी ब्लॉक के इस महत्वपूर्ण मोटर मार्ग की हालत काफी समय से खराब बनी हुई थी, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। ग्रामीणों को अपने कृषि उत्पाद मंडियों तक पहुंचाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय जनता की लगातार मांग पर विधायक कैड़ा ने पीएमजीएसवाई फेज-3 के अंतर्गत मार्ग की सोलिंग, सुधारीकरण, चौड़ीकरण एवं डामरीकरण कार्य हेतु ₹5 करोड़ की स्वीकृति दिलाई। अब इस सड़क पर निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान विधायक कैड़ा ने कहा कि डामरीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि अब आवागमन सुरक्षित एवं सुगम हो पाएगा, जिससे स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।

+ There are no comments
Add yours