मानसून को लेकर नैनीताल में हाई अलर्ट, बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे अधिकारी

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 2 जुलाई। जनपद में मानसून सक्रिय होने और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। ललित मोहन रयाल ने आपदा प्रबंधन को लेकर सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि मानसून अवधि के दौरान बिना पूर्व अनुमति कोई भी अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी विभागाध्यक्ष, नोडल अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने मुख्यालय एवं कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल एवं संपर्क नंबर 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपदा संबंधी सूचना मिलते ही तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को अवगत कराने को कहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहें, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए चेतावनी दी कि आदेशों की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours