भीमताल, 14 मई सूवि। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के क्रम में गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे स्वयं पैदल चलकर कार्यालय पहुंचे।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन की बचत अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनपद के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि दैनिक कार्यों में वाहनों का सीमित उपयोग करें तथा अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचें, ताकि ईंधन की खपत को कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पैदल चलना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति छोटी दूरी के लिए वाहन के बजाय पैदल चलने की आदत अपनाए, तो ईंधन बचत के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने भीमताल विकास भवन परिसर सहित विकास विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईंधन बचाव अभियान को जन सहभागिता के रूप में अपनाने की अपील की।

+ There are no comments
Add yours