भूगड़ा लिफ्ट पेयजल योजना पर फिर गरमाई मांग, ग्रामीणों ने सीडीओ से की मुलाकात

गुनियालेख, पलड़ा-देवनगर समेत कई गांवों में पेयजल संकट, जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

भीमताल, सूवि। धारी ब्लॉक के गुनियालेख, पलड़ा-देवनगर एवं आसपास की ग्रामसभाओं में लंबे समय से बनी गंभीर पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया। मंगलवार को कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर भूगड़ा लिफ्ट पेयजल योजना के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

पूर्व में स्वीकृत योजना अब तक अधर में :

ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान हेतु भूगड़ा गधेरे से लिफ्ट योजना की सैद्धांतिक स्वीकृति पूर्ववर्ती सरकार द्वारा दी गई थी। जल निगम नैनीताल द्वारा सर्वे कर योजना को तकनीकी रूप से उपयुक्त भी पाया गया तथा डीपीआर शासन को भेजी गई, लेकिन वर्षों बाद भी योजना पर कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।

जल जीवन मिशन की योजनाओं पर उठे सवाल:

कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि जल निगम के स्तर से यह कहा जा रहा है कि क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत करोड़ों की योजनाएं संचालित हैं, इसलिए लिफ्ट योजना की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर जल जीवन मिशन के कार्य संतोषजनक नहीं हैं। कई स्थानों पर पाइपलाइनें हवा में झूलती नजर आ रही हैं और गांवों तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित है।

लिफ्ट योजना शुरू करने और जांच की मांग :

ग्रामीणों ने मांग की कि बहुप्रतीक्षित भूगड़ा लिफ्ट पेयजल योजना का निर्माण तत्काल शुरू किया जाए, जिससे बड़ी आबादी को राहत मिल सके। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत हुए कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग भी की गई।

सीडीओ ने दिया आश्वासन :

मुख्य विकास अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने तथा जल जीवन मिशन के कार्यों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ज्ञापन सौंपने वालों में मनोज शर्मा, दुर्गा दत्त तिवारी, भुवन दानी, भुवन सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours