जनसुविधा शिविरों में सुनाई गई समस्याएं, मौके पर हुआ निस्तारण

Estimated read time 1 min read





भीमताल । जिलाधिकारी वंदना के निर्देश पर हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार जनसुविधा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड संख्या 41 के समरथ गार्डन बैंक्वेट हॉल और वार्ड संख्या 42 के रघुनाथ बैंक्वेट हॉल में शिविर लगाए गए। शिविरों में नागरिकों ने बिजली, पानी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, राशन कार्ड और अन्य समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। मौके पर ही विभागीय अधिकारियों द्वारा कई शिकायतों का निस्तारण किया गया। विद्युत विभाग की चार शिकायतों का समाधान किया गया, वहीं पूर्ति विभाग से सात आवेदन प्राप्त हुए जिनमें राशन कार्ड से नाम हटाने और नए बीपीएल राशन कार्ड बनाने संबंधी प्रकरण शामिल थे। इसके अलावा शिविरों में आधार सेवा केंद्र द्वारा 36 आधार कार्ड बनाए व संशोधित किए गए। यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के तहत विवाह पंजीकरण के लिए 16 आवेदन प्राप्त हुए। स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 12 आवेदन दर्ज हुए, जिन पर नगर निगम ने शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। नागरिकों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। शिविर में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड 41 के पार्षद चन्द्र प्रकाश और वार्ड 42 के पार्षद धीरज पांडे मौजूद रहे। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि बुधवार, 27 अगस्त को वार्ड 39 का शिविर कालाढूंगी विधायक आवास पर तथा वार्ड 40 का शिविर रामलीला मैदान ऊंचा पुल में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में उपस्थित होकर लाभ उठाने की अपील की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours