भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा पटरानी में सोमवार को विधायक राम सिंह कैड़ा ने वन विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विधायक कैड़ा ने पटरानी गाँव को जोड़ने वाले मोटर मार्ग की डीपीआर शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि पूर्व में उनकी विधायक निधि से लुगड़ पुल से पटरानी गाँव व इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग का निर्माण कराया गया था। इसके बाद मार्ग को PWD को हस्तांतरित कर राज्य योजना के अंतर्गत प्रथम चरण की स्वीकृति भी कराई गई, जिससे मार्ग पर दीवारों का निर्माण, कॉजवे और डामरीकरण संभव हो पाया।
उन्होंने कहा कि अब द्वितीय चरण की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाएगी, ताकि मोटर मार्ग पर शेष कार्य शीघ्र पूरे हो सकें और ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सके। बैठक में वन विभाग व PWD के अधिकारी सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours