24 नवंबर से 3 दिसंबर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होगा आयोजन, मेले में लगेंगे 250 स्टॉल
भीमताल, 6 अक्टूबर। एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला जनपद का प्रतिष्ठित आयोजन है। मेले में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी शामिल होंगे तथा करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं पहले से ही सुदृढ़ की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने मेले के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम में विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन, वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों के कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी अतिथियों के लिए आमंत्रण पत्र एवं ई-कार्ड तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि टीम गठित कर 30 अक्टूबर से पहले मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा।
बैठक में पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान और विद्युत विभाग को पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम हल्द्वानी को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय में पूरे करना अनिवार्य होगा।
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पंचायतीराज अधिकारी सुरेश बेनी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, संभागीय परिवहन अधिकारी गुरदेव सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, उपनिदेशक रेशम विभाग रोमिल पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




+ There are no comments
Add yours