सड़कों की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, हरीश पनेरू ने दी आंदोलन की चेतावनी

एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा प्रदर्शन, पीडब्ल्यूडी कार्यालय में धरना

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल की जर्जर सड़कों और वर्षों से लंबित सड़क परियोजनाओं को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने हल्द्वानी स्थित सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में धरना-प्रदर्शन कर विभागीय लापरवाही के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए हरीश पनेरू ने कहा कि क्षेत्र की कई अहम सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं, जिससे ग्रामीणों, छात्रों, किसानों और यात्रियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद विभागीय स्तर पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल सजानी-बड़ोन मोटर मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि घोषणा के बावजूद सड़क अब तक स्वीकृति का इंतजार कर रही है, जिससे क्षेत्रीय जनता में नाराजगी बढ़ रही है।

इसके साथ ही डालकनिया-भोलापुर मोटर मार्ग, करायल-टकुरा-जमराड़ी मोटर मार्ग, भीमताल-भालूगाड़ मोटर मार्ग तथा पदमपुरी-चाफी मोटर मार्ग की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने इन सड़कों पर तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।

हरीश पनेरू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभागों ने इन सड़क परियोजनाओं पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं की तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान सुशील भट्ट, मेहुल शाह, ललित चिलवाल, प्रकाश आर्या, महेंद्र धोपाल, बसंत पनेरू, राम सिंह चिलवाल, गोकुल मेलकानी, प्रबल धरमवाल, हर्ष शर्मा, मयंक बचखेती, बालम चिलवाल, नरेंद्र पनेरू, कैलाश विष्ट, खिमेश पनेरू, केशव बिष्ट और हिमांशु पलड़िया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours