भीमताल। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को पूर्णानंद राजकीय इंटर कॉलेज, चाफी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में आयोजित हुआ।
शिविर में सिविल जज (सीडी) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती पारुल थपलियाल ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाते हुए बढ़ती आबादी के कारण संसाधनों पर पड़ने वाले दबाव को संतुलित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में निवेश कर युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे संतुलित और खुशहाल समाज के निर्माण में योगदान दे सकें।
इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशा उन्मूलन, साइबर अपराध और उनसे बचाव के उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
शिविर में प्रधानाचार्य किशोर कुमार, पीएलवी नवाब खान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद सचिव श्रीमती पारुल थपलियाल ने विकास भवन, भीमताल स्थित विलेज लीगल एड क्लीनिक का निरीक्षण किया तथा विकास भवन परिसर में भी वृक्षारोपण किया।

+ There are no comments
Add yours