सांसद अजय भट्ट ने दी शुभकामनाएं
भीमताल : विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीम करोली महाराज का स्थापना दिवस शनिवार 15 जून को धार्मिक आस्था और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। एक दिन पूर्व ही देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु कैंची धाम पहुंचने लगे हैं, जिससे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण व्याप्त हो गया है। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर नैनीताल-उधमसिंह नगर से सांसद अजय भट्ट ने बाबा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए समस्त श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज की कृपा से उत्तराखंड की यह पुण्यभूमि आज विश्व भर में आस्था का केंद्र बन चुकी है। सांसद भट्ट ने कहा कि बाबा की साधना, सेवा और प्रेम ने लाखों लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा दी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी सराहना की। ध्यान रहे कि हर वर्ष 15 जून को विशेष पूजा-अर्चना, भंडारे व सेवा कार्यक्रमों के साथ बाबा का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर देश-विदेश से बाबा के लाखों अनुयायी कैंची धाम पहुंचते हैं और बाबा की कृपा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

+ There are no comments
Add yours