SIR-2026: हर मतदाता तक पहुंचे गणना प्रपत्र, अधिकारियों को सख्त निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल, 13 जून। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड प्रकाश चंद्र दुमका ने जनपद नैनीताल के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे गणना प्रपत्र वितरण कार्य की प्रगति का आंकलन किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर गणना प्रपत्र पहुंचना सुनिश्चित किया जाए और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर वितरण कार्य पूरा किया जाए।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर आयुक्त, समस्त उप जिलाधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में तैनात सुपरवाइजरों और बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) से लगातार संपर्क बनाए रखें। साथ ही वितरण कार्य का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
प्रकाश चंद्र दुमका ने बूथ स्तरीय अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर जमीनी स्तर पर गणना प्रपत्र वितरण की स्थिति और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता में है, इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त एपी बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंशा दत्त पांडे, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours