जल जीवन मिशन की समीक्षा, सीडीओ बोले- गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे हों कार्य

Estimated read time 0 min read






भीमताल : जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक हुई। सीडीओ ने पेयजल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को मिशन के तहत संचालित सभी कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित निगरानी के लिए अधिकारी क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे और प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त जलापूर्ति संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण करने को कहा।

बैठक में जल जीवन मिशन के नोडल अधीक्षण अभियंता विशाल सक्सेना ने बताया कि जनपद के 1008 गांवों के लिए 518 पेयजल योजनाएं स्वीकृत हैं। इनमें 364 योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निर्देश दिए कि योजना से वंचित गांवों को भी जल जीवन मिशन से जोड़ा जाए। जिन विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल की कमी है, वहां एक हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकियां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों के बजाय जनहित को प्राथमिकता देते हुए समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिकता देने तथा रोस्टर के अनुसार अधिकतम 15 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक सरिता आर्या, नोडल अधीक्षण अभियंता विशाल सक्सेना, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, अधिशासी अभियंता पेयजल चमन यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours