मुख्यमंत्री से मिलीं दर्जा राज्यमंत्री, रानीबाग-भीमताल रोप-वे जल्द शुरू कराने की उठाई मांग

Estimated read time 1 min read






भीमताल: आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) भावना मेहरा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर रानीबाग-भीमताल रोप-वे परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग उठाई। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को विस्तृत पत्र भी सौंपा।

भावना मेहरा ने कहा कि रानीबाग-भीमताल रोप-वे परियोजना कुमाऊं में पर्यटन और आधारभूत विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि परियोजना की व्यवहार्यता रिपोर्ट (फिजिबिलिटी स्टडी) के लिए उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को अधिकृत किया जा चुका है। प्रस्तावित योजना के तहत रानीबाग से भीमताल तक 7.32 किलोमीटर लंबा रोप-वे बनाया जाना है, जिसके लिए रानीबाग में पांच हेक्टेयर और भीमताल में 5.536 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि भविष्य में इस रोप-वे का विस्तार कैंची धाम और नैनीताल तक किए जाने का भी प्रस्ताव है। विस्तार के बाद इसकी कुल लंबाई करीब 20.64 किलोमीटर होगी। उनका कहना है कि इससे पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
मेहरा ने कहा कि रोप-वे परियोजना से होटल, होमस्टे, परिवहन, हस्तशिल्प समेत स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित और पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए परियोजना पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours