किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की मांग, सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय आयुष मंत्री को सौंपा प्रस्ताव

Estimated read time 1 min read





भीमताल। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव गणपत राव जाधव से मुलाकात कर उत्तराखंड के किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) के चिकित्सालय एवं शोध संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव सौंपा।

सांसद ने अपने प्रस्ताव में कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक, भौगोलिक और औषधीय दृष्टि से देश का महत्वपूर्ण राज्य है। हिमालयी क्षेत्र की दुर्लभ जड़ी-बूटियों और आयुर्वेदिक संपदा के कारण राज्य की विशेष पहचान है। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति के संरक्षण और विस्तार के लिए उत्तराखंड में एआईआईए की स्थापना एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

अजय भट्ट ने बताया कि ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर के निकट लगभग 40 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जिसे उत्तराखंड सरकार संस्थान की स्थापना के लिए उपलब्ध कराने को तैयार है। उन्होंने कहा कि यह स्थान उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए भी सुविधाजनक रहेगा।

सांसद के अनुसार संस्थान की स्थापना से उच्च स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा, औषधीय पौधों पर शोध को बढ़ावा मिलेगा, आयुष शिक्षा और चिकित्सकीय नवाचार को नई दिशा मिलेगी। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उत्तराखंड की औषधीय विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने केंद्रीय आयुष मंत्री से जनहित और उत्तराखंड की औषधीय क्षमता को देखते हुए किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) के चिकित्सालय एवं शोध संस्थान की स्थापना के प्रस्ताव को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours