चाफी–पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर सोलिंग कार्य जल्द पूरा करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: मंत्री कैड़ा

भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को चाफी से पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर सोलिंग और क्षतिग्रस्त स्थानों पर टाइल लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वीकृत बजट के बावजूद कार्य में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि चाफी से पदमपुरी-धारी तक का मोटर मार्ग लंबे समय से खराब होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की मांग पर सड़क के डामरीकरण के लिए विभाग से डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई थी, जिसके बाद करीब 9.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई गई।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान डामरीकरण संभव नहीं है, लेकिन सोलिंग और जलभराव वाले स्थानों पर टाइल लगाने का कार्य किया जा सकता है। वर्तमान में यह कार्य धीमी गति से चल रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। इसलिए अधिकारियों को इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने धारी ब्लॉक के सुनकिया, लेटीबुंगा, दिनी तल्ली, मानाघेर, मटियाल और पदमपुरी क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक सहित प्रदेश के कई क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। बारिश समाप्त होने के बाद इन सड़कों पर डामरीकरण का कार्य तेज़ी से कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours