भीमताल, 18 जून। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से सांसद अजय भट्ट ने बुधवार को सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचकर कालाढूंगी के लाल मिट्टी क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि बीते रोज कालाढूंगी के लाल मिट्टी क्षेत्र में एक टेंपो ट्रैवलर के ब्रेक फेल होने से दुर्घटना हो गई थी, जिसमें 27 यात्री घायल हो गए थे। सभी घायलों का उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है।
अस्पताल दौरे के दौरान सांसद भट्ट ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल के प्राचार्य को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। साथ ही प्रत्येक घायल की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार बेहतर उपचार सुनिश्चित करने को कहा।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रशासन पीड़ितों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके परिजनों को भी ढांढस बंधाया।

+ There are no comments
Add yours