भीमताल: भीमताल नगर क्षेत्र में बीते कई दिनों से बनी पेयजल समस्या को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सख्त रुख अपनाया है। मोटर खराब होने के कारण नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल से वार्ता कर जल्द समाधान के निर्देश दिए हैं।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से आमजन को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। नगर क्षेत्र के कई इलाकों में लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिससे दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि भीमताल नगर की पेयजल समस्या का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। प्रशासन की ओर से भी समस्या के जल्द निराकरण के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

+ There are no comments
Add yours