भीमताल : सामाजिक कार्यकर्ता नीतेश बिष्ट ने शुक्रवार को नैनीताल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर भीमताल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने झील की सुरक्षा, सौंदर्यीकरण एवं क्षेत्रीय आधारभूत सुविधाओं को लेकर कई अहम मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। ज्ञापन में बिष्ट ने भीमताल झील के चारों ओर सुरक्षा दीवार एवं रेलिंग लगाए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे पर्यटकों की सुरक्षा के साथ ही झील का सौंदर्य भी बना रहेगा। उन्होंने झील में लगातार भर रही सिल्ट को हटाने के लिए शीघ्र कार्यवाही की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने पर्यटकों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था एवं रानीबाग से भीमताल तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन बुनियादी सुविधाओं के विकास से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने ज्ञापन में उल्लिखित बिंदुओं पर सकारात्मक विचार का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की बात कही।

+ There are no comments
Add yours