लोक भवन केवल कार्यस्थल नहीं, एक सशक्त परिवार: राज्यपाल

Estimated read time 0 min read





भीमताल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि लोक भवन केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि आत्मीयता, विश्वास और साझा दायित्वों से जुड़ा एक सशक्त परिवार है। किसी भी संस्था की सफलता के पीछे कर्मचारियों की निष्ठा के साथ उनके परिवारों का त्याग, धैर्य और सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बुधवार को लोक भवन में आयोजित ‘परिवार मिलन कार्यक्रम’ को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन उत्तराखंड की गौरवशाली विरासत, उत्कृष्ट प्रशासनिक मूल्यों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। इसकी ऐतिहासिक गरिमा, प्राकृतिक सौंदर्य और संस्थागत प्रतिष्ठा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी लोक भवन में अवस्थापना विकास, पर्यावरण संरक्षण और विरासत संवर्द्धन से जुड़े कई कार्य किए गए हैं। साथ ही गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट और ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ जैसे कार्यक्रमों के सफल आयोजन में लोक भवन परिवार के प्रत्येक सदस्य की भूमिका सराहनीय रही है।

राज्यपाल ने उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के तीर्थस्थल और प्राकृतिक वातावरण जीवन मूल्यों, आत्मबल तथा कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और कर्मचारियों की निष्ठा से ही संस्थाएं उत्कृष्टता प्राप्त करती हैं।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours